अमृतसर। हाल गेट के पास उस समय हंगामा हो गया, जब कार में बैठी दो महिलाओं को कार सहित ट्रैफिक पुलिस के अधीन आते टोइंग वैन वाले ने टो करके उठा लिया। इस बीच जब महिलाओं ने शोर मचाया तो लोग एकत्रित हो गए। बहस के बाद टोइंग वैन वाले ने महिलाओं और उनके परिवार से माफी मांगकर अपनी जान छुड़वाई।
घटना सोमवार सुबह की है। जानकारी अनुसार एक परिवार जांलधर से यहां दर्शन करने गुरू नगरी आया था। बूदांबादी के मौसम में पकौड़े खाने के लिए परिवार ने अपनी जालंधर नंबर की ब्रिजा कार को सड़क के किनारे एक साइड पर खड़ा कर दिया। कार चलाने वाला युवक पकौड़े लेने चला गया जबकि महिलाएं, चालक की मां और बहन कार में बैठी थीं। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस का एक एएसआई टोइंग वैन वालों के साथ आया और बिना कुछ पूछे पीछे से कार को टो करने लगा। जैसे ही कार ऊपर उठी कार में बैठी महिलाओं ने शोर मचा दिया। शोर मचाने पर आस-पास के लोक एकत्रित हो गए। पुलिस वालों और लोगों में जमकर बहस हुई।
लोगों को रोष जताने के बाद पुलिसवालों और टोइंग वैन वालों ने परिवार से माफी मांगी। लोगों का आरोप है कि लोग दूर-दूर से गुरू नगरी में दर्शनों के लिए आते हैं, ऐसे में पुलिस द्वारा अक्सर उन्हें तंग किया जाता है, जिससे शहर की छवि पर बुरा असर पड़ता है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी टोइंग वैन वालों की ऐस हरकतों की शिकायतें आती रही हैं। थाना ए डिविजन के साथ लगती सड़क वाली मार्केट में से यैलों लाइन के भीतर लगी कारों को भी टो करने के मामले सामने आए थे। उस दौरान एडीसीपी अमनदीप कौर ने जांच करवाई तो टोइंग वैन वालों की दुकानदारों के साथ अंदरखाते मिली-भगत सामने आई थी। उधर टोइंग वैन के ठेकेदार ने बताया कि उसने इस संबंध में सुपरवाइजर मनप्रीत सिंह से जानकारी ली है। उसने माना है कि यह घटना हुई है। उसका कहना है कि गाड़ी को टो करते समय कार खाली थी। महिलाएं कार में बाद में आकर बैठी थीं।

